कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 4 दिसंबर। यूनिसेफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘सुरक्षित पारा-सुरक्षित लइकामन 3.0’ ग्राम संपर्क अभियान का समापन 2 दिसंबर को किया गया। यह अभियान 26 नवंबर से 1 दिसंबर तक माकड़ी विकासखंड के विभिन्न चयनित गांवों में आयोजित किया गया। अभियान का संचालन छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग की पदेन उपसचिव एवं राज्य एनएसएस अधिकारी नीता बाजपेई, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार तथा जिला कोंडागांव के जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे के मार्गदर्शन में किया गया।
अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवक शामपुर, माकड़ी, सलना, बडग़ांव, हड़ीगांव, मारागांव, दंडवन, काटागांव, बुडरा, ठेमगांव, ओंडरी, गुलेरा, लुभा, बेलगांव, तमरावंड, पीड़ापाल, जरण्डी, उमरगांव, राकसबेड़ा और कालीबेड़ा सहित कई ग्रामों में पहुंचे और स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, नशामुक्ति, गुड टच-बैड टच, बाल अधिकार तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित कीं। स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक, देशी खेल, रैली और नारा-लेखन जैसे माध्यमों के जरिए ग्रामीणों को बाल श्रम के दुष्प्रभाव, शिक्षा के महत्व तथा नशा करने से होने वाले मानसिक एवं व्यवहारिक परिवर्तन के बारे में जानकारी दी। प्राथमिक शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को भी इन गतिविधियों से जोडक़र महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में शासकीय गुंडाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोंडागांव की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम, कार्यक्रम अधिकारी श्री समलेश पोटाई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी श्री रामप्रसाद पेंड्रो एवं नवीन शासकीय महाविद्यालय माकड़ी के कार्यक्रम अधिकारी श्री वृद्धाधर नरोजी ने स्वयंसेवकों के उत्साह, सेवा-भाव और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें सफल अभियान के लिए बधाई दी।
अभियान में उमिता, अश्मिता, समीर, चंद्रशेखर, माखन, रीता, भूपेंद्र, जयंती, प्रियंका, गोमती, त्रिलोचन और निखिलेश सहित कुल 60 सक्रिय स्वयंसेवकों का चयन किया गया था, जिन्होंने पूरे समर्पण के साथ ग्राम संपर्क में अपनी भूमिका निभाई।
सुरक्षित पारा सुरक्षित लइकामन ग्राम संपर्क अभियान के समापन कार्यक्रम में ग्राम मारागांव के सरपंच, पूर्व सरपंच, युवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।