कोण्डागांव

रजत जयंती पर इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में सात दिनी हर्बल मेला व परंपरागत वैद्यों का सम्मेलन
04-Dec-2025 9:27 PM
रजत जयंती पर इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में सात दिनी हर्बल मेला व  परंपरागत वैद्यों का सम्मेलन

केशकाल, 4 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती के अवसर पर केशकाल वनमण्डल द्वारा इको पर्यटन केंद्र टाटामारी में भी सात दिवसीय हर्बल मेला एवं परंपरागत वैद्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में कांकेर वृत्त अंतर्गत लगभग 150 वैद्यराज शामिल हुए। जिसमें वन विभाग की एसडीओ सुषमा जे. नेताम एवं वनौषधि बोर्ड की ओर से आईं वनस्पति विज्ञान सलाहकार संगीता श्रीवास्तव द्वारा सभी वैद्यराजों के साथ विभिन्न प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा किया गया। इस दौरान केशकाल रेंजर कृष्णा ठाकुर, रामप्रसाद यादव, नरेंद्र मेश्राम, मिर्जा फिरोज बेग समेत वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस सम्बंध में वनस्पति विज्ञान सलाहकार संगीता श्रीवास्तव ने बताया कि वैद्यराजों का सम्मेलन आयोजित करने का उद्देश्य है कि कोंडागांव, केशकाल, कांकेर, नारायणपुर, भानुप्रतापपुर, नरहरपुर, एवं कापसी जैसे अलग अलग क्षेत्रों के वैद्यराज अपने पारम्परिक ज्ञान को एक दूसरे से साझा करें। ताकि उनका ज्ञान और बढ़ सके। साथ ही अलग अलग क्षेत्रों में विलुप्त हो रही औषधियों की प्रजातियों के सम्बंध में भी चर्चा कर उसका अभिलेखीकरण किया जा रहा है।

वन औषधालय फरसगांव से आए वैद्यराज रामप्रसाद निषाद ने बताया कि यह कार्यशाला अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे अलग-अलग क्षेत्र के वैद्यराज जो कि परंपरागत औषधीय से लोगों का उपचार करते हैं।

 उन्हें अपनी कार्यशैली व ज्ञान एक दूसरे से सीखने और सीखाने एवं सुधार करने का मौका मिलता है।

ग्राम सिंगनपुर के वैद्य श्यामलाल जो की हड्डी विशेषज्ञ के रूप में मशहूर है। उन्होंने बताया कि हम पिछले तीन पीढ़ी से यह काम कर रहे हैं। हम स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करते हैं। किसी भी बीमारी का इलाज करने के साथ साथ हम उन्हें अस्पताल जाकर डॉक्टरों से भी परामर्श लेने की सलाह देते हैं।

वैद्यराज कुँवर सिंह साहू ने बताया कि हम पीढ़ी दर पीढ़ी वैद्यराज के रूप में आम जनता की सेवा कर रहे हैं। लेकिन विडंबना यह है कि हमें शासन की ओर से कोई मानदेय नहीं मिलता है। हम शासन प्रशासन से मांग करते हैं कि जिस प्रकार से वन विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारियों को वेतन और मानदेय मिलता है, इसी प्रकार से हम सभी वैद्यराजों को भी मानदेय देना चाहिए।


अन्य पोस्ट