कोण्डागांव

सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मियों का विदाई-सम्मान समारोह
02-Dec-2025 9:24 PM
सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मियों का विदाई-सम्मान समारोह

कोंडागांव, 2 दिसंबर। विकासखंड कोंडागांव के अंतर्गत सेक्टर बयानार की स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुरबाला विश्वास और सेक्टर बुनागांव की महिला आरएचओ डी.एस. वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर विकासखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महलेवार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव, डॉ. लिपि चंद्राकार और बीईटीओ सुनीता सरकार उपस्थित थीं।

सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मियों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने कहा कि दोनों कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में नियुक्त क्षेत्रों में लंबे समय तक कार्य किया तथा उपलब्ध संसाधनों की कमी के बीच जिम्मेदारियों को निभाया।

वक्ताओं ने बताया कि सुरबाला विश्वास (नियुक्ति वर्ष 1988) और डी.एस. वर्मा (नियुक्ति वर्ष 1989) ने उस समय कार्य किया जब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संचार सुविधाएँ सीमित थीं, और एक कर्मचारी को कई गांवों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती थी।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने दोनों कर्मचारियों के कार्यों का उल्लेख करते हुए युवा कर्मियों से अनुकरणीय सेवा भाव अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के निर्देश पर सेवानिवृत्ति दिवस पर ही पेंशन प्रकरण का निपटारा कर एक किस्त में 14 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और पेंशन दस्तावेज प्रदान किए गए। मंच संचालन हरीश जायसवाल ने किया।

समारोह में विकासखंड कोंडागांव के सभी सेक्टरों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट