कोण्डागांव
पुलिस ने 24 घंटे में ढूंढा, परिजनों ने दिया धन्यवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 30 नवंबर। कोंडागांव जिले की केशकाल अनुविभाग के विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम से शनिवार सुबह लापता हुई दो नाबालिग बालिकाएं कांकेर में मिल गई हैं।
कक्षा सातवीं की दोनों छात्राएं स्कूल जाने के बाद घर नहीं लौटी थीं। परिजन सूचना मिलने के बाद चिंतित थे और थाना विश्रामपुरी में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी।
पुलिस ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करते ही खोजबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा ने तीन टीमों का गठन किया। एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में टीआई विनोद नेताम, टीआई ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और सायबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में तलाश की।
एसपी पंकज चंद्रा के अनुसार, पिछले 24 घंटों में टीमों ने केशकाल, नारायणपुर, कांकेर, रायपुर और ओडिशा क्षेत्रों में खोजबीन की। आसपास के दुकानदारों, होटल एवं लॉज संचालकों, बस कर्मचारियों से पूछताछ की गई और कई ष्टष्टञ्जङ्क फुटेज की जांच की गई। इस दौरान बच्चियों की लोकेशन कांकेर में मिली। वहां पुष्टि हुई कि दोनों बालिकाएं सुरक्षित हैं और बालिका बाल संरक्षण गृह में हैं।
बच्चियों को परिजनों को सौंपने से पहले बाल संरक्षण इकाई (सीडब्ल्यूसी) द्वारा काउंसलिंग की जाएगी। संभवत: सोमवार को उन्हें परिवार को सौंप दिया जाएगा।
परिजनों ने त्वरित कार्रवाई और खोजबीन के लिए कोंडागांव पुलिस के प्रति धन्यवाद जताया है।