कोण्डागांव

धान खरीदी केंद्र माकड़ी में व्यवस्था की समीक्षा
21-Nov-2025 10:20 PM
 धान खरीदी केंद्र माकड़ी में व्यवस्था की समीक्षा

कांग्रेस ने किसानों की शिकायतों को लेकर ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 नवंबर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माकड़ी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण किसानों की उस शिकायत के आधार पर किया गया, जिसमें कहा गया था कि केंद्र में धान खरीदी प्रारंभ नहीं हुई है।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने दावा किया कि उन्हें खरीदी से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध नहीं मिलीं। बैठक और निरीक्षण में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बुधराम नेताम, प्रभारी शकूर खान, प्रदेश सचिव वीरस प्रसाद साहू, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि और यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई तथा बूथ स्तर के सदस्यों सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि खरीदी केंद्र में कार्यरत सहकारी कर्मचारियों द्वारा उठाई गई चार सूत्रीय मांगों को पार्टी का समर्थन दिया गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की मांगों पर शासन द्वारा निर्णय लिया जाना चाहिए और किसानों की धान खरीदी शीघ्र आरंभ की जानी चाहिए। उनका कहना है कि यदि प्रशासनिक स्तर पर देरी हुई तो आगे आंदोलन की रूपरेखा बनाई जा सकती है।

निरीक्षण के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।

 


अन्य पोस्ट