कोण्डागांव

जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती-लता उसेंडी
14-Nov-2025 11:21 AM
जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी बिरसा मुंडा जयंती-लता उसेंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 नवंबर। जिला मुख्यालय स्थित न्यू सर्किट हाउस में गुरुवार को भाजपा की मीडिया वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर कोण्डागांव विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए बताया कि, 15 नवंबर को धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे उत्साह से मनाई जाएगी।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि देश और आदिवासी समाज की पहचान और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है।उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और विकास में उनके योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। कार्यक्रमों में आदिवासी नृत्य, कला, शिल्प और वीरता गाथाओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा समाज के प्रबुद्धजनों को सम्मानित भी किया जाएगा। मीडिया वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, मनोज जैन, अनिता नेताम, बालकुंवर प्रधान, आकाश मेहता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट