कोण्डागांव

कबोंगा में धान खरीदी उपकेंद्र शुरू करने की मांग
07-Nov-2025 9:55 PM
 कबोंगा में धान खरीदी उपकेंद्र शुरू करने की मांग

अखिल भारतीय किसान महासभा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 7 नवंबर। अखिल भारतीय किसान महासभा जिला कोण्डागांव ने 7 नवंबर को ग्राम कबोंगा में धान खरीदी का उपकेंद्र संचालित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन राज्यपाल और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को संबोधित था, जिसे जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा गया।

ज्ञापन जिला अध्यक्ष दिनेश मरकाम और किसान नेता अर्जुन नेताम के नेतृत्व में सौंपा गया। इस अवसर पर सरादू सोढ़ी, छबीलाल नेताम, पुनउराम सोरी, राजू वट्टी, शिवराम सोरी, नंदू नेताम, सिरनाथ बघेल, दुआरु नेताम, मानकू नेताम, बालसाय नेताम, सुरज नेताम, बिरसिंग बघेल, दशरथ नेताम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

किसानों ने डी.एन.के. मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद यह ज्ञापन तहसीलदार कोण्डागांव को सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम कबोंगा, कोसागांव, हांथी पखना, सिरसी कलार, कुम्हार बडग़ांव सहित आसपास के ग्रामों के किसान वर्ष 2022-23 से उपकेंद्र की स्थापना की मांग कर रहे हैं।

किसानों ने बताया कि इस संबंध में तत्कालीन केशकाल विधायक द्वारा भी अनुशंसा की गई थी। बावजूद इसके वर्ष 2023 और 2024 में ग्राम कबोंगा में धान खरीदी उपकेंद्र संचालित नहीं किया गया, और वर्ष 2025 के लिए भी तैयारी नहीं की जा रही है। ज्ञापन में किसानों ने निवेदन किया है कि वर्ष 2025 से ग्राम कबोंगा में धान खरीदी का उपकेंद्र संचालित करने का आदेश या निर्देश जारी किया जाए। किसानों ने यह भी कहा है कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो अखिल भारतीय किसान महासभा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट