कोण्डागांव
शालिग्राम की निकली बारात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 2 नवंबर। शनिवार को तुलसी विवाह और देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर का माहौल भक्तिमय रहा। महिलाओं ने घरों की सफाई-सजावट कर आंगनों में सुंदर रंगोलियाँ बनाई और तुलसी चौरा को फूल-मालाओं से सजाया।
शाम होते ही नगर के घर-घर में विधि-विधान से तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। पूजा-पाठ के बाद श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलन और आतिशबाजी कर उत्सव का आनंद लिया।
इसी क्रम में बाजारपारा परिसर में भगवान शालिग्राम की बारात बड़े हर्षोल्लास से निकाली गई। पूजा-अर्चना के उपरांत भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।पूरे नगर में देवउठनी पर्व और तुलसी विवाह को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने इसे भगवान विष्णु के जागरण का पर्व मानते हुए धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया।


