कोण्डागांव

गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व की तैयारी, प्रभात फेरी शुरु
27-Oct-2025 9:56 PM
गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व की तैयारी, प्रभात फेरी शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 27 अक्टूबर। सिखों के पहले  गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की तैयारी सिख समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में सोमवार 27 अक्टूबर से प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाले जाने का सिलसिला प्रारंभ हुआ।

आज सुबह गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, कोंडागांव से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हुई। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने शब्द-कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया और गुरु नानक देव जी के उपदेशों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार यह प्रभात फेरी 2 नवंबर तक प्रतिदिन प्रात: 4 बजे से निकाली जाएगी। सिख समाज द्वारा बताया गया कि प्रभात फेरी का उद्देश्य समाज में सद्भाव, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना है।

समापन अवसर पर संगत को गुरु का प्रसाद वितरित किया गया और सभी ने मिलकर गुरु नानक देव जी के उपदेशों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।

 


अन्य पोस्ट