कोण्डागांव

महिला मानव प्रतिरक्षक जिला स्तरीय जागरूकता सत्र आयोजित
10-Oct-2025 11:15 PM
महिला मानव प्रतिरक्षक जिला स्तरीय जागरूकता सत्र आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 अक्टूबर। शिवि डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा जिला कोंडागांव के ग्राम शामपुर में जिला स्तरीय जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की छायाचित्र पर पूजा-अर्चना से हुई।

शिवि डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर पेंग्सोमिर ई. बोराह ने संगठन के कार्यों और उद्देश्यों पर चर्चा की। इसमें महिला सशक्तिकरण, क्षमता निर्माण, नेतृत्व, आजीविका मिशन, महिला हिंसा, दहेज प्रथा, टोनही प्रताडऩा, समानता, लिंग भेद, रंग भेद, और सखी वन स्टॉप सेंटर 181 की सेवाओं पर जानकारी दी गई।

सखी वन स्टॉप सेंटर से स्वीटी दास ने प्रकरणों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत कर परामर्श दिया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री सहाय और वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र भट्ट ने कानूनी अधिकारों, भरण-पोषण, पारिवारिक एवं जमीनी विवादों से संबंधित जानकारी दी।

डीएसपी स्निग्धा सलामे ने घरेलू विवाद, पति-पत्नी संबंधी विवाद, संपत्ति विवाद, मोटरयान दुर्घटना, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी पहलुओं पर जानकारी साझा की।

नगर सैनिक गौर गोपाल मिस्त्री ने आपदा प्रबंधन के अंतर्गत सिलेंडर गैस में आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके का प्रदर्शन किया।

सत्र में शिवि कार्यकर्ता ईशवन पटेल, ग्राम सरपंच देवेंद्र मरकाम, ग्राम पटेल हरेंद्र प्रसाद पटेल, कोटवार महेश दास मानिकपुरी, जनपद सदस्य अंगत पटेल, संकुल समन्वयक अमिताभ मिश्रा, भानु ठाकुर, शालिनी पटेल, दिव्या मरकाम, वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और महिला मानव प्रतिरक्षक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट