कोण्डागांव

रावण दहन, बारिश के बीच भी नहीं टूटा उत्साह
03-Oct-2025 10:10 PM
 रावण दहन, बारिश के बीच भी नहीं टूटा उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 3 अक्टूबर। नवरात्रि पर माता पूजन के बाद दसवें दिन विजयदशमी पर्व पर जिला मुख्यालय कोण्डागांव में रावण दहन का भव्य आयोजन हुआ। गुरुवार को विकास नगर स्टेडियम मैदान में मां शीतला माता मंदिर माता गुड़ी, राम मानस मंडल और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

  इस वर्ष रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के भी विशालकाय पुतले तैयार किए गए थे। हालांकि शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और तेज बारिश होती रही, जिससे कार्यक्रम पर संशय के बादल मंडराने लगे। इसके बावजूद नगरवासियों का उत्साह बरकरार रहा और बड़ी संख्या में लोग मैदान पहुंचे।

रामलीला मंचन के बाद जैसे ही रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन हुआ, मैदान जयघोष से गूंज उठा। लोगों ने उल्लास और आस्था के साथ असत्य पर सत्य की विजय का पर्व मनाते हुए विजयदशमी की परंपरा को जीवंत कर दिया।


अन्य पोस्ट