कोण्डागांव
कोण्डागांव, 22 सितंबर। जिला के थाना फरसगांव पुलिस ने ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग गुमशुदा महिला और पुरुष को खोज निकालने में सफलता हासिल की है। गुमशुदा लोगों को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस की जनहितकारी कार्यों की सराहना की।
प्रकरण के अनुसार, फरसगांव निवासी पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री 4 सितंबर की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इस पर थाना फरसगांव में गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू की गई। इसी तरह पूर्वीबोरगांव निवासी संगीता कुंडु ने अपने पति राजकुमार कुंडु (42) के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजकुमार कुंडु 11 सितंबर को फार्म हाउस जाने के लिए निकले थे और देर शाम तक घर नहीं लौटे।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दोनों मामलों की गंभीरता से जांच शुरू की गई। लगातार तलाश के बाद गुम बेटी को फरसगांव बस स्टैंड से बस का इंतजार करते हुए बरामद कर सकुशल परिजनों को सौंपा गया। वहीं, राजकुमार कुंडु को जगदलपुर के संतोषी वार्ड थाना बोधघाट क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर उनकी पत्नी को सुपुर्द किया गया। दोनों परिजनों ने पुलिस के त्वरित प्रयासों पर प्रसन्नता जताते हुए आभार व्यक्त किया।


