कोण्डागांव
कोण्डागांव, 15 सितंबर। देशभर में हिंदी दिवस के अवसर पर 14 से 29 सितंबर तक मनाए जा रहे हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत सामरिक क्षेत्रीय मुख्यालय (भुवनेश्वर) आईटीबीपी में सोमवार को हिंदी पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया गया।
ज्ञात हो कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर, गुजरात में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन का उद्घाटन कर हिंदी दिवस का शुभारंभ किया था और सभी केंद्रीय कार्यालयों में हिंदी पखवाड़ा मनाने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में सामरिक क्षेत्रीय मुख्यालय आईटीबीपी, कोण्डागांव में समारोह आयोजित हुआ।
इस अवसर पर सेनानी (स्टाफ) एएन दत्ता ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकारी कार्य में सरल और सहज हिंदी अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम से क्षेत्रीय मुख्यालय, खोर्द्धा (ओडिशा) के सभी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। सहायक सेनापति (राजभाषा) ने जानकारी दी कि हिंदी पखवाड़े के दौरान कुल सात प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें दो प्रतियोगिताएं विशेष रूप से हिंदीतर भाषी कार्मिकों के लिए होंगी। सभी कर्मचारियों से प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया गया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी को राष्ट्र की राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था।
इस दिन अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने की अपेक्षा की जाती है।


