कोण्डागांव

एनएचएम कर्मियों की सवाल रैली, भाजपा कार्यालय मिला बंद, धरना
10-Sep-2025 11:04 PM
एनएचएम कर्मियों की सवाल रैली, भाजपा कार्यालय मिला बंद, धरना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 10 सितंबर। अनिश्चितकालीन हड़ताल के 24वें दिन बुधवार को एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने कोण्डागांव जिला में सवाल रैली निकाली। रैली धरना स्थल डीएनके कॉलोनी से शुरू होकर विकास नगर स्टेडियम मार्ग होते हुए भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन तक पहुंची।

सत्ता पक्ष में आने से पहले भाजपा नेताओं द्वारा किए गए वादों को याद दिलाने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की गई थी।

भाजपा कार्यालय पहुंचने पर आंदोलनकारियों को दरवाजा बंद मिला। कार्यालय पर ताला लटका होने के कारण संविदा कर्मी बाहर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी कर शासन से सवाल पूछते रहे  ‘हमने बनाया है, तो हम ही संवारेंगे, लेकिन आखिर संवारोगे कब?’

रैली के दौरान कड़ी धूप में एक संविदा कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़ी। साथी कर्मचारियों ने उन्हें पानी पिलाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि, संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा भाजपा नेताओं ने सत्ता में आने से पहले किया था। लेकिन 24 दिन बीतने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक संविदा कर्मियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह सवाल रैली और आंदोलन की श्रृंखला जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट