कोण्डागांव

कोण्डागांव, 31 अगस्त। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव वर्ष 2025 अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के होनहार बालिकाओं एवं उत्कृष्ट कार्य हेतु आंगनबाड़ी कार्यकताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी ने छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य 25 साल पूरा हो रहा है और हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस कार्य में महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी जमीनी स्तर पर योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सभी को विकसित छत्तीसगढ़ की कामना के साथ रजत जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत बाल विवाह के रोकथाम के संबंध में शपथ भी दिलाई गई। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं की 30 मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया और उत्कृष्ट कार्य हेतु 16 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रंगोली, व्यंजन, कुर्सी दौड़ एवं चम्मच दौड़ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में दिव्या वैद ने प्रथम स्थान, भवानी ढाली ने दूसरा स्थान और मंदाकिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
इसी तरह कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में खेमलता कोर्राम ने प्रथम स्थान, दम्मी पोयाम ने दूसरा स्थान और पुष्पा पाण्डे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में गायत्री मानिकपुरी ने प्रथम स्थान एवं दम्मी पोयाम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। व्यंजन प्रतियोगिता में शीला देवांगन ने प्रथम स्थान तथा अनिता नाग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में पार्षदगण संतोष पात्रे, सुषमा खोबरागडे, सुमन शुक्ला, जनपद सदस्य फरसू नेताम सहित एसडीएम श्री अजय उरांव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अवनी कुमार बिसवाल, तहसीलदार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी , महिला सशक्तिकरण की टीम सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।