कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 29 अगस्त। कोंडागांव के ऑडिटोरियम भवन में नगर पालिका कोंडागांव द्वारा वूमेन फॉर ट्री कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और वृक्षारोपण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक लता उसेंडी रहीं। उनके हाथों से, उन महिला समूहों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पर्यावरण और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विधायक ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मान समारोह के बाद, ऑडिटोरियम और स्विमिंग पूल के आस-पास बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पौधे लगाए गए। इस पहल में कई महिला समूहों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस तरह के कार्यक्रम पर्यावरण को बेहतर बनाने के साथ-साथ महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम हैं।


