कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव,9 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय कोंडागांव में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला आगामी स्वतंत्रता दिवस (13 से 15 अगस्त) के मद्देनजऱ, प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए कार्य योजना और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ‘तिरंगा यात्रा कार्यक्रम’ की प्रदेश टोली के सदस्य एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा रहे।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान’ के तहत संचालित हर घर तिरंगा अभियान सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं बल्कि शौर्य, सम्मान और समर्पण की भावना का परिचायक है। यह अभियान हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों की स्मृति दिलाता है और हर नागरिक को इससे जुडक़र राष्ट्रभक्ति को सशक्त बनाना चाहिए।
दीपेश अरोरा ने यह भी कहा कि तिरंगा लहराना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक, संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने मंडलों और बूथों के माध्यम से गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि हमारे देश की आज़ादी अनगिनत वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। यह तिरंगा उसी संघर्ष और समर्पण की अमिट निशानी है। आज जब हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, तो हमारा दायित्व है कि हम इस तिरंगे को हर घर तक पहुंचाएं और लोगों को इसके गौरव से परिचित कराएं।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर प्रत्येक पंचायत और मोहल्ले में संपर्क स्थापित करें और नागरिकों को अभियान से भावनात्मक रूप से जोड़ें।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, मनोज जैन, प्रवीर बदेशा, गोपाल दीक्षित, नरपति पटेल,जसकेतु उसेंडी,प्रशांत पात्र,तरुण साना,आकाश मेहता,दयाराम पटेल, भाजपा के सभी मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री,भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी,महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


