कोण्डागांव
कोण्डागांव जिला को राज्य स्तर पर मिला गोल्ड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 जुलाई। संपूर्णता अभियान के तहत कोण्डागांव के सामुदायिक भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की अध्यक्ष रीता शोरी सहित नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के इंडीकेटर के शत प्रतिशत सैचुरेशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 66 कर्मचारी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमाण पत्र देकर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का सम्मान किया।
नीति आयोग द्वारा देश के 112 जिलों को आकांक्षी जिला कार्यक्रम और 500 विकासखंड को आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में शामिल किया गया है जिससे उस क्षेत्र में विकास की गति में तेजी आ सके।
जिले के माकड़ी ब्लॉक में आकांक्षी विकासखंड के 06 इंडीकेटर का शत् प्रतिशत सैचुरेशन किया गया है, वहीं आकांक्षी जिला कार्यक्रम के भी 6 इंडीकेटर का शत् प्रतिशत सैचुरेशन हो चुकी है। नीति आयोग द्वारा कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन पर छत्तीसगढ़ राज्य के दो जिलों को गोल्ड मैडल से सम्मानित किया गया है, जिसमें कोण्डागांव जिला भी शामिल है। आकांक्षी जिला में एएनसी जांच, गर्भवति महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, 9 से 11 माह के बच्चों का शत् प्रतिशत टीकाकरण और स्कूलों में विद्युतीकरण और मूलभूत सुविधा, स्कूलों में पुस्तक वितरण में शत् प्रतिशत उपलब्धि शामिल है। वहीं माकड़ी विकासखंड में एएनसी जांच, शुगर जांच, उच्च रक्तचाप जांच, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और समूह की महिलाओं को रिवाल्विंग फंड वितरण में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
जिला प्रशासन द्वारा विकास नगर सामुदायिक भवन में आकांक्षा हाट का भी शुभारंभ किया गया है।
जो कि शहरवासियों के अवलोकन हेतु एक अगस्त तक लगा रहेगा। इसमें बिहान के विभिन्न महिला स्वसहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।


