कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव के नव नियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन समारोह मंगलवार को कांग्रेस भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
हाल ही में सावन मास की शुरुआत के साथ जिला कांग्रेस की जम्बो कार्यकारिणी का विस्तार किया गया था, जिसमें कुल 177 पदाधिकारी, स्थायी आमंत्रित, विशेष आमंत्रित सदस्य सहित नियुक्त किए गए हैं।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक संतराम नेताम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। तिलक, चंदन, सूत की माला पहनाकर और मिष्ठान वितरण कर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सभी नव पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कार्यकर्ताओं को उनसे मुकाबले के लिए सतर्क व सक्रिय रहने की सीख दी। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुशासित पालन करने और स्थानीय जनसमस्याओं को जनता के बीच मजबूती से उठाने की बात कही गई।
अभिनंदन समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त महामंत्री, सचिव, सह सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व विधायक संत नेताम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री रवि घोष, झूमुक दीवान, धन्नू मरकाम, महंगू मरकाम, श्रीमती सुकबती मरकाम, वेदवती पोयाम, तबस्सुम बानो, राजेंद्र साहू, सकुर खान, सगीर अहमद कुरैशी, राज मरकाम सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।