कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 2 जुलाई। केशकाल थाना में पदस्थ महिला आरक्षक ने बीती रात अज्ञात कारणों के चलते हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित निवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँच शव को पीएम के लिए केशकाल अस्पताल भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केशकाल थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र चौहान ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली महिला आरक्षक साक्षी पटेल केशकाल थाने में पदस्थ थी। सुबह ड्यूटी हेतु उसे उठाने के लिए घर के आसपास के लोग पहुँचे थे, लेकिन दरवाजा खटखटाने के बाद भी किसी भी तरह से कोई भी हलचल नहीं होने के बाद दरवाजे को तोड़ा गया। जहाँ महिला आरक्षक का शव फाँसी के फंदे में लटका हुआ देखा गया।
ज्ञात हो कि मृतिका महिला आरक्षक साक्षी पटेल काफी खुशमिजाज और हरफनमौला स्वभाव की थी। उनके स्टाफ व आसपास के लोगों से काफी मधुर संबंध थे। लेकिन इस तरह अचानक से साक्षी पटेल द्वारा आत्महत्या किये जाने से पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है।
परिजनों के साथ साथ पुलिस स्टाफ व घर के आसपास के लोगों में शोक व्याप्त है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम पश्चात परिजनों को सौंप कर आत्महत्या के कारण का पता लगाने हेतु अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।