कोण्डागांव

ईडी और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया विरोध
14-Jun-2025 9:54 PM
ईडी और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 जून। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार दोपहर केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कोण्डागांव कांग्रेस भवन से रैली की शक्ल में बस स्टैंड पहुंचे, जहां भाजपा और ईडी के पुतले का दहन कर विरोध जताया गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सुकमा जिले में कांग्रेस के राजीव भवन को ईडी द्वारा सील किया जाना एक राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई है, जिसे भाजपा के इशारे पर अंजाम दिया गया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने वाला कदम बताया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘ईडी गो बैक’, और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की। पूर्व जिला अध्यक्ष झुम्मक लाल दीवान समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति में यह प्रदर्शन और भी प्रभावशाली बना।इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष के लिए तैयार है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सडक़ से संसद तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किया गया था। नेताओं ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और कांग्रेस का संघर्ष हर मोर्चे पर जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट