कोण्डागांव

कोण्डागांव, 31 मई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को अपने कोण्डागांव प्रवास के दौरान शिल्प नगरी स्थित शबरी एंपोरियम पहुंचे। उन्होंने यहां बेलमेटल, रॉट आयरन, बांस और काष्ठ शिल्प से निर्मित बस्तर की पारंपरिक जीवनशैली और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को दर्शाती कलाकृतियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इन शिल्पों की कलात्मकता और सांस्कृतिक महत्व की खुले मन से सराहना की।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एंपोरियम में उपस्थित स्थानीय शिल्पकारों से सीधे संवाद किया और उनसे बेलमेटल सहित अन्य शिल्पों की निर्माण प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता और विपणन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। शिल्पियों ने मुख्यमंत्री को सम्मानस्वरूप बेलमेटल से बनी एक विशेष कलाकृति भेंट की, जिसे उन्होंने प्रसन्नता के साथ स्वीकार किया। मुख्यमंत्री की इस सराहना से शिल्पकारों में उत्साह का वातावरण देखा गया।