कोण्डागांव

नगरवासियों ने किया पौधारोपण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 मई। एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 केशकाल शहर के सडक़ की स्थिति जर्जर अवस्था में आने लगी है। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद पंचवटी से गोल्डी ढाबा तक रास्ते भर सैकड़ों गड्ढे बन चुके हैं। जिनमें कुछ गड्ढे ऐसे भी है, जो 1-2 फीट गहरे हो गए हैं। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
इधर, विधायक निवास जाने वाले रास्ते के कुछ ही दूर स्थित कोहिनूर होटल के सामने आसपास के लोगों ने गड्ढों में पौधरोपण कर दिया है। ताकि छोटे बाइक सवार इन गड्ढों के चलते सडक़ दुर्घटनाओं का शिकार न हो जाए।
केशकाल नगरवासियों के लिए ऐसा पहली बार नहीं है, जहां खराब सडक़ से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हो। विगत वर्ष भी शहर के सडक़ की यही स्थिति थी। नगरवासियों ने एकजुट होकर विश्रामपुरी चौक में चक्काजाम करने का मन बना लिया था, लगभग सफल भी हो गए थे। तब जाकर प्रशासन के दबाव के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने सडक़ की मरम्मत करवाई थी। लेकिन एक बार फिर सडक़ अपने पुराने हाल में आ चुकी है।
इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यपालन अभियंता प्रज्ञानंद ने कहा कि बजट अभी नहीं आया हुआ है। हम हमारे तरफ से नगर के सभी गड्ढो में सीमेंट से मरम्मत कर रहे हैं।