कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 मई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान बचाओ यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में 23 मई को ग्राम पंचायत डोंगरीगुड़ा में एक जागरूकता रैली एवं सभा का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा की जा रही कथित संविधान विरोधी गतिविधियों को जनता के समक्ष लाकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शिरकत की।
कोण्डागांव जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर की कांग्रेस इकाइयों सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल एवं पार्टी समर्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मोहन मरकाम ने रैली की अगुवाई करते हुए आमजन से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर संविधान के पक्ष में नारे लगाए और भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। सभा में वक्ताओं ने कहा कि संविधान को कमजोर करने की कोशिशें देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए गंभीर खतरा हैं, जिसे हर भारतीय को समझना और रोकना चाहिए।