कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 अप्रैल। चैत्र नवरात्रि पर बस्तर संभाग के ऐतिहासिक हिंगलाज मूल मंदिर बेड़ागांव में पाँच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ प्रतिपदा तिथि से हुआ। यह मंदिर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के 300 से अधिक हिंगलाज शक्तिपीठों का मूल गुरु पीठ माना जाता है।
इस प्राचीन मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा लगभग 300 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद संपन्न हो रही है। आयोजन की शुरुआत जलाधिवास से हुई, जिसमें मां हिंगलाज की प्रतिमा को पवित्र जल में रखा गया। दूसरे दिन अन्नाधिवास तथा तीसरे दिन फलाधिवास के अंतर्गत माता को विविध फलों से आवृत्त किया गया। चौथे दिन शय्याधिवास के बाद माता की कल नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। तत्पश्चात विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी।
इस प्रतिष्ठा हेतु ठाकुर अजय सिंह बैस द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में जयपुर, राजस्थान से निर्मित सवा चार फीट ऊँची काले संगमरमर की भव्य प्रतिमा मंदिर को समर्पित की गई है। साथ ही ठाकुर जितेंद्र सिंह बैस द्वारा 108 किलो का पीतल का घंटा भेंट किया जाएगा।
महोत्सव में असम से आमंत्रित वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा वैदिक विधियों से रुद्राभिषेक, चंडी पाठ, चंडी होम और सत्यनारायण कथा संपन्न करवाई जा रही है। मुख्य यजमान के रूप में ठाकुर सतेंद्र सिंह बैस उपस्थित हैं, जबकि पूजा-अर्चना पुजारी अर्जुन वैद्य के निर्देशन में हो रही है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, चित्रकूट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, महापौर संजय पांडे, जनपद अध्यक्ष बकावंड सोनबारी भद्रे, जनपद अध्यक्ष बस्तर संतोष बघेल, पूर्व विधायक डॉक्टर सुभाऊ कश्यप एवं रेखचंद जैन समेत अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
महोत्सव का समापन 8 अप्रैल को वार्षिक माता मंडई के आयोजन के साथ होगा, जिसमें बस्तर राजपरिवार से महाराजा कमलचंद्र भंजदेव एवं राजमाता साहेब बस्तर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस ऐतिहासिक आयोजन का संचालन अनिल सिंह बैस के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिसमें प्रशांत सिंह बैस, प्रखर सिंह बैस, प्रणव सिंह बैस, प्रतीक सिंह बैस सहित समस्त बैस मालगुजार परिवार एवं चैन पुजारी, गजा पुजारी, अर्जुन पुजारी, जगदीश नाती पुजारी, डीपी देवांगन, जयभान सिंह राठौर, जयेश संघाणी, परेश राव, शशिकांत जोशी, रिंकू सेठिया, लखन सरपंच, सचिव संतोष सेठिया, चंद्रसेना दीवान, टिंकू सेठिया समेत अनेक सेवाभावी कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।


