कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 01 अप्रैल। नगर पालिका परिषद का स्थापना दिवस 1 अप्रैल को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, सीएमओ दिनेश डे, पार्षदगण, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका की स्थापना 1 अप्रैल 1975 को हुई थी। उस समय नगर पालिका में केवल 11 वार्ड थे, जो 1980 में बढक़र 12, 1985 में 18 और 2019 में 22 वार्ड हो गए। वर्तमान में नगर पालिका क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 40,000 है।स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका की विकास यात्रा को भी याद किया गया। पहले मनोनीत अध्यक्ष केके गांधी ने 1 अप्रैल 1975 से 31 मार्च 1978 तक पदभार संभाला था। इसके बाद प्रशासनिक अध्यक्ष एसएस खंडालकर 1 अप्रैल 1978 से 3 मई 1978 तक रहे। नगर पालिका के पहले निर्वाचित अध्यक्ष प्रेम राज जैन थे, जिन्होंने 20 अक्टूबर 1983 से 27 फरवरी 1988 तक नगर पालिका का नेतृत्व किया। अब तक कुल 20 अध्यक्षों ने नगर पालिका की बागडोर संभाली है।
इस अवसर पर नगर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और आने वाले समय में नगर पालिका की योजनाओं पर चर्चा की गई। नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई। कार्यक्रम के अंत में केक काटकर सभी का मुंह मीठा किया गया।