कोण्डागांव
कोण्डागांव, 30 मार्च। जिला के फरसगांव पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और पिलाने के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 360 एमएल शराब, पानी की बोतलें और डिस्पोजल गिलास जब्त किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम फरसगांव-बडेडोंगर मार्ग के किनारे कुछ लोग अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने का काम कर रहे हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक येदुवेल्ली अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी फरसगांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चेतन कुमार नेताम, उमेश मरकाम, मनीष दास, कृष्ण कुमार पटेल और लक्ष्मण मरकाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कुल 360 एमएल अंग्रेजी शराब, पानी की बोतलें और डिस्पोजल गिलास बरामद किए गए। गवाहों के समक्ष सामान जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 36(च) और 36(ग) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में भी दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रवि लहरे और जीतू नेताम के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दो वाहनों को जब्त किया गया, जिसमें सफेद छोटा पिकअप सीजी 18 एल 5563 और राइडर टीवीएस मोटरसाइकिल सीजी 27 क्यू 2826 शामिल हैं। इसके अलावा फरसगांव पुलिस ने 05 अन्य आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर 30 मार्च को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) न्यायालय फरसगांव में पेश किया।