कोण्डागांव

सीबीआई छापे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन
28-Mar-2025 10:47 PM
सीबीआई छापे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 मार्च।
छत्तीसगढ़ में सीबीआई द्वारा की जा रही छापेमारी और कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कोण्डागांव जिला मुख्यालय में कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बस स्टैंड में सीबीआई का पुतला दहन किया।  

पुतला दहन से पूर्व स्थानीय कांग्रेस भवन में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम की अध्यक्षता में यह पहला आयोजन रहा। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष झुमुकलाल दीवान, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम और पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से बस स्टैंड तक रैली निकाली, जहां नारेबाजी करते हुए सीबीआई का पुतला दहन किया गया।  

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सीबीआई की छापेमारी को राजनीति से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार पर बदले की कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ में जानबूझकर विपक्षी नेताओं को टारगेट किया जा रहा है, जिससे कांग्रेस संगठन कमजोर हो। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सीबीआई की कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की।


अन्य पोस्ट