कोण्डागांव

नियमितीकरण की मांग पर अड़े पंचायत सचिव, जिला पंचायत के आदेश को जलाया
22-Mar-2025 11:03 PM
नियमितीकरण की मांग पर अड़े पंचायत सचिव, जिला पंचायत के आदेश को जलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 22 मार्च। जिले के पंचायत सचिव अपनी नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, लेकिन जिला पंचायत द्वारा 24 घंटे के भीतर कार्य पर लौटने का आदेश जारी किए जाने से उनका आक्रोश और बढ़ गया। शनिवार को सचिवों ने इस आदेश की प्रतियों को आग के हवाले कर अपना विरोध दर्ज कराया।   

पंचायत सचिवों की हड़ताल से ग्राम पंचायतों में संचालित अनिवार्य सेवाएं और हितग्राहीमूलक शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए जिला पंचायत कोण्डागांव ने आदेश जारी कर सभी सचिवों को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे के भीतर कार्य पर लौटें, अन्यथा उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

जिला पंचायत के इस आदेश के विरोध में पंचायत सचिवों ने उसे सार्वजनिक रूप से जलाकर नाराजगी जताई। हड़ताल पर डटे सचिवों का कहना है कि जब तक उनकी नियमितीकरण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोण्डागांव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हड़ताल पर रहना छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम, 1998 के खिलाफ है। अगर सचिव तय समय में काम पर नहीं लौटते, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

पंचायत सचिव संघ का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर अड़े रहेंगे और जल्द ही अगली रणनीति तय करेंगे। वहीं, प्रशासन अपने आदेश को सख्ती से लागू करने के मूड में है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सचिव अपनी मांगें मनवा पाते हैं या प्रशासन की सख्ती के आगे झुकते हैं।


अन्य पोस्ट