कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 फरवरी। निकाय चुनाव 2025 के तहत कोण्डागांव जिले के तीनों नगर निकायों – नगर पालिका कोण्डागांव, नगर पंचायत केशकाल और नगर पंचायत फरसगांव के चुनाव परिणाम आज सामने आएंगे। मतगणना प्रक्रिया 15 फरवरी की सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी, और संभावना है कि दोपहर 12 बजे तक परिणाम भी स्पष्ट हो जाएंगे।
कोण्डागांव नगर पालिका क्षेत्र की मतगणना धनकुल रिसॉर्ट के पास स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। वहीं, फरसगांव नगर पंचायत के लिए शासकीय महाविद्यालय फरसगांव और केशकाल नगर पंचायत के लिए शासकीय कन्या उमवि विद्यालय केशकाल में गणना केंद्र बनाए गए हैं।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चर्ली ठाकुर ने जानकारी दी कि कोण्डागांव नगर पालिका के 22 वार्डों में से 15 वार्डों में दो-दो केंद्र थे, जबकि शेष वार्डों में एक-एक केंद्र बनाए गए थे। कुल मिलाकर, कोण्डागांव में 37 मतदान केंद्रों से प्राप्त मतों की गणना दो राउंड में पूरी की जाएगी।
वहीं, फरसगांव और केशकाल के 15-15 वार्डों के लिए 15-15 टेबल लगाए गए हैं, जहां एक राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी। सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए मतगणना होगी, उसके बाद वार्ड पार्षदों के मतों की गणना की जाएगी।
दोपहर तक साफ हो जाएगी तस्वीर
ईवीएम में कैद जनादेश को लेकर प्रत्याशियों और मतदाताओं में भारी उत्सुकता है। सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कोण्डागांव, केशकाल और फरसगांव में इस बार सत्ता की बागडोर किसके हाथ में जाएगी। प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अब इंतजार सिर्फ नतीजों का...
जिला मुख्यालय से लेकर तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। दोपहर तक कोण्डागांव, फरसगांव और केशकाल में किसकी सरकार बनेगी, इसका सस्पेंस खत्म हो जाएगा।


