कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 फरवरी। निकाय चुनाव 2025 के तहत कोण्डागांव जिले में मतदान कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जिले में कुल 76.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें नगर पालिका कोण्डागांव में 72.30 प्रतिशत, नगर पंचायत केशकाल में 83.81 प्रतिशत और नगर पंचायत फरसगांव में सबसे अधिक 85.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
निकाय चुनाव 2025 के तहत नगर पालिका कोण्डागांव की बात करे तो पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.52, महिलाओं का 72.11 प्रतिशत और तृतीय लिंग का 50 प्रतिशत रहा, जिससे कुल मतदान 72.30 प्रतिशत हुआ। नगर पंचायत केशकाल में पुरुषों का मतदान 84.65 प्रतिशत और महिलाओं का 83.04 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे कुल मतदान 83.81 प्रतिशत हुआ। वहीं, नगर पंचायत फरसगांव में पुरुषों ने 75.67 प्रतिशत और महिलाओं ने सर्वाधिक 97.22 प्रतिशत मतदान किया, जिससे कुल मतदान 85.77 प्रतिशत रहा।
महिला मतदाताओं में सबसे आगे फरसगांव
इस चुनाव में महिलाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, जिसमें नगर पंचायत फरसगांव में सबसे अधिक 97.22 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सबसे पहले लौटी पोलिंग टीम का स्वागत
मतदान समाप्ति के बाद मतदान दलों की वापसी शुरू हुई। सबसे पहले नगर पालिका कोण्डागांव के स्वामी विवेकानंद वार्ड (बूथ क्रमांक 34) की पोलिंग टीम जिला मुख्यालय स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंची। पीठासीन अधिकारी गोपाल राम मरकाम ने बताया कि उनके मतदान केंद्र में लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
सबसे पहले लौटने वाली पोलिंग टीम का कोण्डागांव उप निर्वाचन अधिकारी व अपर कलेक्टर चित्रकांत चर्ली ठाकुर और एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी अजय उराव ने ताली बजाकर स्वागत किया और मतदान दलों की सराहना की।