कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 जनवरी। जिला मुख्यालय कोण्डागांव स्थित स्थानीय कांग्रेस भवन में 23 जनवरी की शाम जिला स्तरीय कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, कांग्रेस जिला अध्यक्ष झुमुकलाल दीवान, अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन, सगीर कुरैशी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बंद कमरे में करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं पार्षद पद के दावेदारों पर विचार-विमर्श किया गया।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष पद के लिए पहले 5 दावेदारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिन्हें घटाकर 3 नाम प्रदेश मुख्यालय भेजे गए हैं। फरसगांव नगर पंचायत से केवल 2 नाम ही भेजे गए हैं, जबकि केशकाल नगर पंचायत से 3 दावेदारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर प्रदेश कार्यालय को भेजे गए हैं।
25 जनवरी तक प्रत्याशियों के नाम हो सकते हैं घोषित
अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन ने बताया कि, संभावनाएं हैं कि 25 जनवरी तक अध्यक्ष और पार्षद पद के दावेदारों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि सभी नामों को पार्टी की रणनीति, क्षेत्रीय संतुलन और चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा।


