कोण्डागांव

बारिश ने किसानों और धान खरीदी केंद्रों की बढ़ाई समस्या
25-Dec-2024 10:05 PM
बारिश ने किसानों और धान खरीदी केंद्रों की बढ़ाई समस्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 25 दिसंबर। कोण्डागांव में 24 दिसंबर से जारी बारिश ने जिले में किसानों और धान खरीदी केंद्रों की चिंताओं को बढ़ा दिया है। लगातार हो रही हल्की से मध्यम बारिश के चलते किसान अपनी फसलों को लेकर परेशान हैं। वहीं, धान खरीदी केंद्रों पर बफर लिमिट से अधिक धान का स्टॉक होने से धान को सुरक्षित रखना प्रशासन और किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

रवि फसल की बुवाई कर रहे किसानों का कहना है कि, बारिश के चलते खेतों में पानी जमा हो गया है, जिससे फसल बर्बाद होने का खतरा बढ़ गया है। जिन किसानों ने पहले से कटाई कर ली थी, उनकी फसलें भीगने से खराब हो रही हैं।

किसान धनीराम पोयाम, रामजी नरेटी व अन्य ने बताया, अगर बारिश जल्द नहीं थमी, तो हमारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। पहले ही लागत ज्यादा हो चुकी है, अब नुकसान सहने की स्थिति में नहीं हैं।

कोण्डागांव जिले के 67 धान खरीदी केंद्रों में पहले ही बफर लिमिट से अधिक धान का स्टॉक जमा है। बारिश के कारण धान को सुरक्षित रखने में मुश्किलें बढ़ गई हैं। सभी केंद्रों पर तिरपाल और कवर की व्यवस्था की गई है, लेकिन स्टॉक अधिक होने से इसका खर्च बढ़ गया हैं।

खरीदी केंद्र के लिया समिति प्रबंधक रेणुका पाल ने बताया, बारिश के कारण धान भीगने की संभावना बढ़ गई है। ओवर स्टॉक के कारण अतिरिक्त भंडारण की आवश्यकता है, लेकिन जगह की कमी के कारण समस्याएं हो रही हैं। इसे ढंकने के लिए अधिक ट्रिपल की आवश्यकता पड़ रही है जो की ज्यादा खर्चीला साबित हो रहा है।

इधर मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में कोण्डागांव और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। तापमान 15 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को बचाने के लिए आवश्यक उपाय करें और धान खरीदी केंद्रों पर धान लाने से पहले उसे सुखा लें।


अन्य पोस्ट