कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 दिसंबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव और आसपास के ईसाई समुदाय ने 22 दिसंबर की शाम को क्रिसमस की बधाई रैली का आयोजन किया। यह विशाल रैली कोण्डागांव नगर के बंधा तालाब चर्च से शुरू होकर तहसील कार्यालय चौक, बस स्टैंड, मस्जिद चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए जामकोटपारा तक गई और उसी मार्ग से वापस बंधा तालाब चर्च पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली का नेतृत्व जिलाध्यक्ष क्रिस्ट मोहन सोना, उपाध्यक्ष एंजेल नेताम, और रेनवाल विक्टर डेनियल ने किया। बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग रैली में शामिल हुए। रैली में सांटा क्लॉज, मदर टेरेसा, प्रभु ईसा मसीह के जन्म की झांकियां, और अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। सांटा ने उपस्थित जनसमुदाय को बधाई देते हुए खुशियां बांटी।
रैली के साथ-साथ क्रिसमस पर्व के अवसर पर विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, पार्षद अंकुश जैन, सोनामनी पोयाम, लक्ष्मी ध्रुव, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल सहित अन्य नेताओं ने रैली में शामिल होकर ईसाई समुदाय को क्रिसमस की बधाई दी। इस दौरान मिष्ठान वितरण भी किया गया।