कोण्डागांव

बंधा तालाब का पुनर्विकास: 1.79 करोड़ से आधुनिक सुविधाओं का होगा निर्माण
19-Dec-2024 10:33 PM
बंधा तालाब का पुनर्विकास: 1.79 करोड़ से आधुनिक सुविधाओं का होगा निर्माण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव,  19  दिसंबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव स्थित बंधा तालाब के मरम्मत और पुनर्विकास कार्य का भूमिपूजन 18 दिसंबर को विधायक लता उसेंडी ने किया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत सदस्य बाल सिंह बघेल, पार्षद सतीश सोनी, लक्ष्मी ध्रुव, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। 

 विधायक लता उसेंडी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कोण्डागांव के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाईपास मार्ग का लोकार्पण होगा और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाएं लागू होंगी। उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर आर्ट और अन्य सांस्कृतिक केंद्रों को विकसित कर कोण्डागांव को पर्यटन हब बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल में कोण्डागांव के विकास के लिए 15 करोड़ रुपए से अधिक का बजट दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारें बंधा तालाब की उपेक्षा करती रहीं, लेकिन अब इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस पुनर्विकास से न केवल बंधा तालाब का स्वरूप बदलेगा, बल्कि यह नगर के सौंदर्य और सुविधाओं में भी अभूतपूर्व वृद्धि करेगा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि बंधा तालाब को 1.79 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित किया जाएगा। इस कार्य में सिविल और विद्युतीकरण कार्य शामिल हैं। सिविल कार्य के तहत मरम्मत और विकास के लिए क्रमश: 34.48 लाख और 46.99 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि विद्युतीकरण कार्य के लिए मरम्मत में 49.87 लाख और पुनर्विकास में 47.96 लाख रुपए का खर्च किया जाएगा। पुनर्विकास के दौरान बंधा तालाब को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। यहां स्टेट ऑफ आर्ट प्ले जोन, फ्लोर फाउंटेन, और आकर्षक पेंटिंग्स लगाई जाएंगी। बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं और गार्डन में सर्व-सुविधा युक्त क्षेत्र विकसित किया जाएगा। तालाब के चारों ओर का क्षेत्र भी आकर्षक बनाया जाएगा। 


अन्य पोस्ट