कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 नवंबर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के बैनर तले 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे प्लेसमेंट कर्मचारियों का प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी रहा।
हड़ताल में शामिल कर्मचारी नगर पालिका कोण्डागांव, नगर पंचायत केशकाल, और नगर पंचायत फरसगांव से संबंधित हैं। शुक्रवार को कर्मचारियों ने कोण्डागांव के कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें ठेका पद्धति को समाप्त करने और सीधे वेतन भुगतान की मांग की गई है।
हड़ताली कर्मचारियों को नगर पालिका के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन और अन्य संगठनों का समर्थन मिला है।
भाजपा और कांग्रेस ने भी उनके आंदोलन को समर्थन दिया है। प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की एक सूत्रीय मांग है कि नगरीय निकायों में ठेका प्रणाली समाप्त की जाए। उन्होंने मांग की है कि अन्य विभागों (जैसे जल संसाधन, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, वन विभाग) की तरह नगरीय निकायों में भी कर्मचारियों को सीधे वेतन भुगतान किया जाए।