कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 15 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा पर कोण्डागांव के विभिन्न तालाबों और नारंगी नदी के जोंदरापदर घाट पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी। इस दिन को गंगा स्नान और दीपदान के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। श्रद्धालुओं ने तालाबों और नारंगी नदी में पवित्र स्नान कर भगवान विष्णु और भगवान शिव का पूजन किया और जल अर्पित किया।
सुबह से ही श्रद्धालु नारंगी नदी के जोंदरापदर घाट पर इक_ा होने लगे। पुरुष, महिलाएं और बच्चे पारंपरिक परिधानों में सजकर गंगा स्नान के साथ दीपदान करते नजर आए। तालाबों और घाटों पर दीपों की जगमगाहट ने भक्ति का माहौल और भी दिव्य बना दिया।
कार्तिक पूर्णिमा का दिन भगवान विष्णु और शिव को समर्पित है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन स्नान और दीपदान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति आती है। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर अपने परिवार और समाज की समृद्धि की कामना की।