कोण्डागांव

कोण्डागांव में पहली बार एक लाख उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली
12-Nov-2024 2:46 PM
कोण्डागांव में पहली बार एक लाख उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली

कोंडागांव, 12 नवंबर। कोण्डागांव जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के लिए पुलिस भर्ती रैली का आयोजन होने जा रहा है।
16 नवंबर से कोण्डागांव के चिखलपुटी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पर शुरू होने वाली इस रैली में करीब एक लाख उम्मीदवार हिस्सा लेंगे। यह रैली न केवल कोण्डागांव बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी ऐतिहासिक होगी, क्योंकि इतने बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया इससे पहले कभी नहीं हुई।  

इस भर्ती रैली के तहत कोण्डागांव, कांकेर और नारायणपुर जिलों के लिए 714 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें कोण्डागांव जिला के लिए 104 पद, कांकेर जिला के लिए  133 पद और नारायणपुर जिला के लिए 477 पद स्वीकृत है। भर्ती रैली लगभग एक महीने तक चलेगी और इसमें विभिन्न दक्षता परीक्षण, शारीरिक मापदंड, और लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 

भर्ती समिति अध्यक्ष व कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने बताया कि, रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी है। चिखलपुटी पुलिस लाइन ग्राउंड को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। जहां दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, और ट्रेड टेस्ट के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। साथ ही एक लाख उम्मीदवारों की भीड़ को संभालने के लिए जिला पुलिस बल तैनात रहेगा। 

उन्होंने आगे कहा, यह कोण्डागांव के लिए गर्व का क्षण है। एक लाख उम्मीदवारों के लिए आयोजन करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन हमारी टीम पूरी तरह तैयार है। रैली जिले में युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ भविष्य निर्माण का भी अवसर है।


अन्य पोस्ट