कोण्डागांव

केशकाल घाट उन्नयन का कार्य शुरू
22-Oct-2024 3:19 PM
केशकाल घाट उन्नयन का कार्य शुरू

 परिवर्तित मार्ग के साथ ही मरम्मत कार्यों का अफसर ले रहे हैं जायजा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 22 अक्टूबर।
कोंडागांव कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार सोमवार से केशकाल घाट के उन्नयन का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर डस्ट सफाई, डब्ल्यूएमएम पेंच एवं बी.टी. पेंच मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए  21 से 27 अक्टूबर तक के लिए केशकाल घाट में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

छोटी चार पहिया एवं यात्री बसें केशकाल घाट से होते हुए जाएंगी, वहीं मरम्मत अवधि में भारी मालवाहक वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग निर्धारित किया गया है तथा इसके प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया एवं बैनर पोस्टर का उपयोग भी किया गया है। जिसके तहत प्रशासन द्वारा नगर एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रमुख स्थानों पर फ्लैक्स लगाकर उसमें डायवर्टेड सडक़ों का उल्लेख किया गया है।

कोंडागांव एडिशनल एसपी के.डी. पटेल, केशकाल एसडीएम अंकित चौहान व एसडीओपी भूपत सिंह लगातार क्षेत्र का दौरा कर घाट मरम्मत एवं परिवर्तित मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। आवश्यकतानुसार पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। 

जगदलपुर से आने वाले वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग
जगदलपुर से आने वाले वाहनों के लिए कोण्डागांव, केशकाल, विश्रामपुरी होते हुए मचली, बोराई, सिहावा, दुधावा, कांकेर, चारामा, धमतरी और रायपुर की ओर जाएंगी। साथ ही दल्लीराजहरा (बालोद) राजनांदगांव जाने वाले वाहनों के लिए कोण्डागांव, बेड़मा, धनोरा, आमाबेड़ा, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, दल्लीराजहरा और राजनांदगांव के लिए जाएगी।

रायपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए परिवर्तित मार्ग
रायपुर की ओर से आने वाले वाहन धमतरी से चारामा, कांकेर, दुधावा, मचली, विश्रामपुरी, केशकाल होते हुए कोण्डागांव से जगदलपुर जा सकेगी।


अन्य पोस्ट