कोण्डागांव

6 पदक जीते, 7 खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के बुढ़ा तालाब आउटडोर स्टेडियम में 6 से 9 अक्टूबर तक आयोजित 24वें एसजीएफआई राज्य स्तरीय तीरंदाजी टूर्नामेंट में कोण्डागांव जिले के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में कोण्डागांव जिले से 17 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया, जिसमें से 6 खिलाडिय़ों ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
कोण्डागांव की रामशिला नेताम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। रामशिला कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्रा हैं। आभा चक्रधारी (ब्लॉक कॉलोनी स्कूल) ने रजत पदक हासिल किया, जबकि नंदिनी मरकाम (कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास), पिंटू नेताम (बुनागांव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय), और प्रेमिका नेताम (ब्लॉक कॉलोनी स्कूल) ने कांस्य पदक जीते। इसके अलावा, चंद्ररेखा सेठिया (ब्लॉक कॉलोनी स्कूल कोण्डागांव) और सलोनी नेताम (कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास) का भी चयन आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
7 खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित
कोण्डागांव जिले के कुल 7 तीरंदाजों का चयन गुजरात के नडियाद में होने वाली एसजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो 11 से 24 नवंबर तक आयोजित होगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले में हर्ष का माहौल है। कोण्डागांव के खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर जिलेवासियों ने उन्हें बधाई दी और नेशनल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।