कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 11 सितंबर। जिला प्रशासन के सहयोग से 10 सितंबर को कोण्डागांव जिले में पहली बार स्कूली बच्चों के लिए नि:शुल्क तारामंडल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कोण्डागांव के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से किया गया है। अब इस कार्यक्रम का जिले के विभिन्न स्कूलों में प्रदर्शनी करते हुए विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल एनिमेटेड कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सौरमंडल, उसकी उत्पत्ति, मानव इतिहास में सौरमंडल की खोज, अंतरिक्ष की उड़ान इत्यादि बताते हुए विज्ञान के प्रति रुचि उत्पन्न करना है। पूरे कार्यक्रम के बारे में कोण्डागांव के खंड शिक्षा अधिकारी मनोज दुबे ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए जानकारी दी है।
कोण्डागांव जिला के स्कूली बच्चों में विज्ञान और तारामंडल के प्रति रुचि उत्पन्न करने के लिए आज से कृत्रिम तारामंडल कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। जिसे पहली बार बच्चे देखकर काफी रोमांचित हुए। इसके तहत कोण्डागांव के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष रूप का एक कक्ष या डार्क रूम बनाया गया, जो काफी कुछ गुब्बारे की आकृति में था।
बच्चों को इसके अंदर जाकर प्रोजेक्टर पर पूरा तारामंडल दिखाया गया। जो काफी हद तक बिना थ्रीडी एनक के थ्रीडी अनुभव था। इसके तहत बच्चों को तारों, ग्रहों आदि की स्थिति भी बताई गई। बच्चों ने इससे काफी कुछ सीखा और काफी रोमांचित भी हुए।