कोण्डागांव

केंद्रीय विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस
30-Aug-2024 10:03 PM
केंद्रीय विद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 अगस्त। गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। प्रात: काल की ऊर्जापूर्ण प्रार्थना सभा संपन्न होने के बाद प्राचार्य द्वारा मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

 प्राचार्य ने मेजर ध्यानचंद जी के जीवन से प्रेरणादायी चरित्र व दृष्टांतों का उदाहरण कर सभी बच्चों को प्रेरित किया। इस दिन को केंद्रीय विद्यालय कोंडागाँव के प्रथम अलंकरण समारोह मनाने हेतु भी निश्चित किया गया। इसमें विद्यालय की विद्यार्थी परिषद के विभिन्न कप्तानों को उनका पदभार ग्रहण करने हेतु सम्मानित किया गया व बैज प्रदान किए गए।

इस अलंकरण समारोह के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्रति निष्ठा पूर्वक कार्य करते रहने की शपथ ली। आगे की कड़ी में, बच्चों में खेल भावना की जागृति का संदेश देने हेतु विद्यालय की छात्राओं ने एक ओजस्वी सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। ध्वजारोहण व सलामी के पश्चात राष्ट्रगान की सस्वर लहरियाँ विद्यालय प्रांगण में गूँजी।  आकस्मिक वर्षा से खेल प्रतियोगिताओं में व्यवधान अवश्य पड़ा परंतु विद्यार्थियों ने अपने अदम्य उत्साह के बल पर प्रकृति की इस परीक्षा में को भी उत्तीर्ण किया और लेमन रेस, जलेबी रेस, प्लैंक कसरत, रस्सी कूद प्रतियोगिता आदि में जमकर भाग लिया। कार्यक्रम की समाप्ति बच्चों को मिष्टान्न वितरण के साथ हुई।


अन्य पोस्ट