कोण्डागांव

भाजपा की जीत, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, आतिशबाजी
05-Jun-2024 10:23 PM
 भाजपा की जीत, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, आतिशबाजी

एक-दूसरे का कराया मुंह मीठा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 जून। लोकसभा चुनाव के तहत कोण्डागांव के शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 4 जून को मतगणना की गई। यहां लोकसभा क्षेत्र बस्तर के विधानसभा कोण्डागांव और लोकसभा कांकेर के विधानसभा केशकाल के लिए मतों की गणना की गई।

लोकसभा क्षेत्र बस्तर के लिए विधानसभा कोण्डागांव से भाजपा ने 4094 मतों से जीत दर्ज की, वहीं पूरे लोकसभा कांकेर से भाजपा के भोजराज नाग ने जीत हासिल की है। दोनों प्रत्याशियों की जीत के बाद भाजपाई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी।

कोण्डागांव जिले में शामिल दोनों लोकसभा प्रत्याशी कांकेर से भोजराज नाग और बस्तर से महेश कश्यप ने जीत हासिल कर ली है।

भाजपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत और केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनने को लेकर भाजपाइयों में काफी ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है।

भाजपाइयों ने कोण्डागांव के भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन के समक्ष आतिशबाजी करते हुए खुशियां मनाई।

आंकड़ों की बात करें तो बस्तर के कोण्डागांव से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को कुल 66 हजार 661 मत और कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा को 62 हजार 567 मत मिले हैं, वहीं नोटा 2 हजार 931 मतों के साथ हर बार की तरह तीसरे स्थान पर रहा। इस तरह भाजपा के महेश कश्यप को कोण्डागांव  से 4094 मतों से बढ़त मिली है।

 इसी तरह कांकेर के केशकाल से भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग को कुल 68 हजार 534 मत मिले तो कांग्रेस के बिरास ठाकुर को 76 हजार 044 मत प्राप्त हुए। इस तहत कांग्रेस के बिरस ठाकुर को केशकल विधान सभा से 7 हजार 510 मतों से बढ़त मिली हैं।


अन्य पोस्ट