कोण्डागांव

ओडिशा चुनाव सह प्रभारी लता उसेंडी चुनाव के बाद पहुंचीं कोण्डागांव
02-Jun-2024 9:58 PM
ओडिशा चुनाव सह प्रभारी लता उसेंडी चुनाव के बाद पहुंचीं कोण्डागांव

बाजार पहुंचकर लोगों का जाना हाल-चाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 2 जून। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा में लोकसभा के साथ विधानसभा का चुनाव 13 में से 1 जून तक संचालित रहा। जिसके लिए कोण्डागांव विधायक व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी को ओडिशा चुनाव सह प्रभारी नियुक्त किया गया। ओडिशा में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के बाद लता उसेंडी 2 जून को अपने विधानसभा क्षेत्र कोण्डागांव वापस पहुंच चुकी हैं।

 कोण्डागांव पहुंचने के बाद आम लोगों का हाल-चाल जानने के लिए वे स्थानीय कोण्डागांव बाजार पहुंचीं। यहां पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों व नगर वासियों से मुलाकात की। खास तौर पर लता उसेंडी ने महिलाओं से चर्चा की। इस  दौरान ग्रामीण महिलाओं ने हाल तो बताया ही, साथ ही महिलाओं ने महतारी वंदन योजना का निरंतर लाभ देते हुए प्रत्येक माह बैंक खाते में एक हजार रुपए देने से मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी आज अपने विधानसभा क्षेत्र में आम लोगों के बीच नजर आर्इं। यहां विधायक लता उसेंडी ने आम लोगों से उनके हाल-चाल जानने के लिए स्थानीय बाजार का रुख किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों समेत स्थानीय लोगों से चर्चा की है, और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

ज्ञात हो कि इसके पूर्व लोकसभा चुनाव के दौरान कोण्डागांव में जब भी आंधी-तूफान जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावितों की समस्याओं को जाना और उनके निदान के लिए प्रशासन से संपर्क किया। अब जब लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुका है तो वे कोण्डागांव वापस पहुंच चुकी हैं। यहां स्थानीय समस्या और हाल-चाल जानने के लिए उनके बीच पहुंचीं।


अन्य पोस्ट