कोण्डागांव

गणित को अभ्यास से सरल बनाया जा सकता है- शारदा
23-Dec-2023 9:35 PM
गणित को अभ्यास से सरल बनाया जा सकता है- शारदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 23 दिसंबर। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोण्डागांव में 22 दिसंबर को महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्म दिवस पर राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य तिलक चंद्र देवांगन के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रामानुजन जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

 कार्यक्रम में सर्वप्रथम  सरिता तारम सहा. प्राध्यापक राजनीति शास्त्र ने बताया कि सर्वप्रथम 2012 में 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस घोषित किया गया था तब से प्रतिवर्ष 22 दिसंबर को भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के सम्मान में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। उन्होंने गणित के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

 उमेश कुमार नेताम सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र द्वारा गणित से संबंधित अपने अनुभव एवं  विचार प्रस्तुत किया गया और बताया कि दैनिक जीवन में गणित कितना महत्वपूर्ण है गणित एक यात्रा है जो अज्ञात से ज्ञात की ओर जाता है। वनस्पति के सहा. प्राध्यापक महेंदर सिंह द्वारा वनस्पति शास्त्र को गणित से संबंधित है बताया गया।

 शारदा मरकाम सहायक प्राध्यापक प्राणीशास्त्र ने बताया कि गणित का विषय कठिन होता जरूर है पर उसे अभ्यास से सरल बनाया जा सकता है और गणित के द्वारा दिमाग को ज्यादा सक्रिय रखने में मदद मिलती है।

डॉ. दिवाकर सहायक प्राध्यापक भौतिकी द्वारा रामानुजन जी के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके द्वारा किस तरह गणित में पारंगत होने के जीवन वृतांत को सुनाया गया। समस्त सहायक प्राध्यापकों द्वारा गणित से संबंधित अपने विचार एवं अनुभव प्रस्तुत किया गया। गणित दिवस के अवसर पर पोस्टर बैनर भाषण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में  कार्यक्रम के संयोजक और गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक देवनारायण सिंह नेताम द्वारा आभार प्रकट किया गया साथ ही  गणित के प्रति अपने शैक्षणिक अनुभवों तथा गणित के महत्व और गणित में कैरियर के पहलुओं पर चर्चा की । कार्यक्रम का सफल संचालन गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक  देवनारायण सिंह नेताम के साथ-साथ गणित विभाग के समस्त छात्राओं द्वारा किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ अनिक्षा अंचल गायत्री वर्मा गायत्री पोर्ते कुमारेश ताल्लुकदार योगेश समरथ एवं छात्राएं  उपस्थित थे एवम सभी का सहयोग प्राप्त हुआ।


अन्य पोस्ट