कोण्डागांव

हजारों कार्यकर्ताओं संग पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने किया भाजपा प्रवेश
23-Aug-2023 9:21 PM
हजारों कार्यकर्ताओं संग पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने किया भाजपा प्रवेश

ओम माथुर, रमन, साव सहित दिग्गजों के बीच ऐतिहासिक कार्यकम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल /कोंडागांव, 23 अगस्त।
बुधवार को केशकाल के प्रियदर्शिनी स्टेडियम में भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न हुआ। जिसमें लगभग 7-8 हजार की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस सम्मेलन में भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं के समक्ष कोंडागांव जिले के पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने लगभग 2 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में प्रवेश किया।
 
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पमाला व भाजपा का गमछा पहनकर नीलकंठ टेकाम समेत समस्त नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया। 
कांग्रेस का साढ़े चार साल में छत्तीसगढ़ का विकास कार्य ठप हो गया - साव
इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने भाजपा में प्रवेश कर चुके नीलकंठ टेकाम समेत सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। तत्पश्चात रमन सरकार के 15 वर्ष और कांग्रेस के पांच वर्ष के कार्यकाल की तुलना करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। साव ने बेरोजगारी भत्ता, शराबबंदी, बिजली बिल हाफ समेत अन्य मुद्दों पर भुपेश सरकार को घेरने का प्रयास किया।
 
आदिवासी लीडर का भाजपा में प्रवेश लेने से 12 सीटों में मिलेगा लीड - ओम माथुर
 भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि हम अक्सर सुनते थे कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने के लिए बस्तर की 12 सीटों को साधना बहुत जरूरी है। इससे पहले के चुनाव में हमें 11 सीटों में हार मिली थी। बची हुई एक सीट भी उपचुनाव में हम हार गए थे। इसलिए इस बार हमने बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल से ही अपने चुनावी तैयारियों का आगाज किया है। आदिवासियों लीडर नीलकंठ टेकाम के भाजपा में शामिल होने से भाजपा को बस्तर के सभी 12 सीटों में मजबूती मिलेगी। परिणामस्वरूप आने वाले चुनाव में बस्तर की 12 सीटों में भाजपा का कब्जा होगा।


  
 

भाजपा में शामिल होते ही पूर्व कलेक्टर ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
जिले के पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कहा कि आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने भाजपा में प्रवेश किया है। हमारा एक मात्र संकल्प है कि आगामी चुनाव में केशकाल समेत पूरे 12 सीटों से कांग्रेस की इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकना है। इसलिए हम सभी को एकजुट होंने की आवश्यकता है, तभी एक बार फिर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  लता उसेंडी , पूर्व अध्यक्ष धरम लाल कौशिक , प्रादेश महामंत्री केदार कश्यप, कांकेर सांसद मोहन मंडावी , जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा बेदु कश्यप , सेवक राम नेताम , प्रवीर बदेशा , कमल चंद भंजदेव,अनुज शर्मा,  लच्छू राम कश्यप,मनोज जैन संतोष कटारिया , महेश जैन , तरुण साना, टेकेस्वर जैन , दया राम पटेल, आकाश मेहता , जितेंद्र सुराना राजकिशोर राठी , अजय मिश्रा , नवदीप सोनी, भूपेश चंद्रक्रार,  रामेश्वर उसेंडी , रूपसिंग मंडावी , संगीता पोयम, अनिता नेताम, विधायक जीवन कुमार बिहार से , तरुण साना सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी की संख्या में उपस्थित हुए।  आभार प्रदर्शन जिला प्रभारी महेश जैन ने किया।

बहरहाल, भाजपा ने इस कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में चुनावी मैदान में उतर चुकी है। सूत्रों की मानें तो भाजपा के इस कार्यकर्ता सम्मेलन व पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम के भाजपा में प्रवेश करने को लेकर कई भाजपा नेताओं ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से अपनी नाराजगी भी जाहिर की है।  कुछ नेता ऐसे भी थे जो आधा कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे। 


अन्य पोस्ट