कोण्डागांव

शिक्षिका मधु को मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 31 जुलाई। प्राथमिक शाला जोन्दरा पदर में 31 जुलाई को कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद जयंती धूमधाम से मनाई गई। बच्चों को कहानी के माध्यम से नैतिक व सामाजिक मूल्य की शिक्षा देने के उद्देश्य से जयंती का आयोजन किया गया।
संस्था की प्रधान पाठक मधु तिवारी ने मुन्शी प्रेमचंद की जीवनी व उनके रचना संसार पर प्रकाश डाला। बच्चों में वाचन कौशल व सम्प्रेषण क्षमता बढ़ाने कहानी पाठ भी करवाया गया।
सुप्रसिद्ध कथाकार सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 143वी जयंती पर कोंडागांव जिला अंतर्गत संचालित प्राथमिक शाला जोन्दरा पदर की प्रधानाध्यापिका मधु तिवारी को उनके साहित्यिक , शैक्षिक अवदान के लिए साहित्य कला फाउंडेशन मुंबई द्वारा डिजिटल माध्यम से 31 जुलाई को आयोजित साहित्यिक संगोष्ठी में मुंशी प्रेमचंद्र साहित्य रत्न सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि शिक्षिका मधु तिवारी की अब तक एकल काव्य संग्रह, साहित्यकार की जीवनी सात साझा काव्य संग्रह सहित देश के प्रतिष्ठित पत्रिकाओं समाचार पत्रों में कवितायेँ कहानी प्रसिद्ध शिल्पकारों के साक्षात्कार, बाल मन पर केंद्रित उनकी कहानियों ने देश भर में ख्याति अर्जित की है। आकाशवाणी, दूरदर्शन से भी निरन्तर कविता कहानी आदि का प्रसारण हुआ है पूर्व में अपने शैक्षिक व साहित्यिक, सामाजिक योगदान के लिए देश प्रदेश की पच्चीस से भी अधिक सरकारी गैर सरकारी संस्थाओं सहित माननीय राज्यपाल महोदय आदि ने सम्मानित किया है। महिला सशक्तिकरण सहित सामाजिक सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करती आ रही हंै।