कोण्डागांव

जंगली सुअर का शिकार करने गए ग्रामीण की गोली लगने से मौत, आरोपी गिरफ्तार
06-Jul-2023 8:56 PM
जंगली सुअर का शिकार करने गए ग्रामीण की गोली लगने से मौत, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
केशकाल, 6 जुलाई।
जंगली सुअर का शिकार करने गए ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई। गोली चलाने वाले युवक को  गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है।

केशकाल थाना क्षेत्रान्तर्गत सूदूरवर्ती ग्राम गिरगोली के 9 ग्रामीण पास के ही जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गए हुए थे। इस बीच 2 युवक भरमार बंदूक भी रखे हुए थे। जब एक ओर से कुछ लोगों के द्वारा जंगली सूअर को दौड़ाया गया, तभी एक व्यक्ति ने अपने पास रखे भरमार बंदूक से गोली चला दी। इस बीच बंदूक से निकली गोली सुअर को न लग कर दूसरे ओर खड़े ग्रामीण के सिर में जा लगी। जिसके चलते उक्त युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना देर शाम होने के चलते ग्रामीणों ने आज सुबह केशकाल थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी। ततपश्चात केशकाल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। साथ ही मृतक के शव को केशकाल लाकर अस्पताल में पोस्टमार्टम करने उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। 

इस संबंध में केशकाल थाना प्रभारी विनोद साहू ने बताया कि जंगली सुअर का शिकार करने के दौरान यह घटना हुई है। गोली चलाने वाले युवक को  गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है।

मामले में आरोपी युवक के खिलाफ 25, 27 आर्म्स एक्ट व  भादवि की धारा 304 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


अन्य पोस्ट