कोण्डागांव

कोण्डागांव, 17 मई। कोण्डागांव नगर की छात्रा रीना सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। रीना सिंह ने भिलाई में आयोजित अंडर 20 महिला कुश्ती प्रतियोगिता के तहत 65 किलो वर्ग श्रेणी में स्वर्ण पदक जीता है। इस जीत के साथ ही रीना सिंह महाराष्ट्र के पुणे में होने वाले प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई हो चुकी है।
जिला मुख्यालय कोण्डागांव के मध्यम निम्न वर्ग परिवार से ताल्लुक रखने वाली छात्रा रीना सिंह ने भिलाई में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस प्रतियोगिता के लिए रीना सिंह के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के कुश्ती पहलवानों ने अपना दमखम आजमाया।
रीना ने सभी को पट खानी देते हुए अंडर 20 महिला कुश्ती प्रतियोगिता के तहत 65 किलो वर्ग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया है। गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाने के बाद रीना अपने गृह नगर कोण्डागांव लौट चुकी है। यहां उन्हें इस जीत पर सभी की ओर से शुभकामनाएं दी जा रही है।
ज्ञात हो कि रीना सिंह राजपूत के पिता जमुना सिंह की लगभग एक माह पूर्व कैंसर के चलते मृत्यु हो गई है। पिता की मृत्यु के चलते पूरा परिवार पितृशोक में व्याप्त है। इसके बावजूद रीना के अभ्यास में कमी नहीं आई और उसने राष्ट्रीय स्तर के कुश्ती में गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमा लिया है।