कोण्डागांव

अभद्र व्यवहार, जिला अस्पताल का लैब टेक्नीशियन निलंबित
08-Apr-2023 9:53 PM
अभद्र व्यवहार, जिला अस्पताल का लैब टेक्नीशियन निलंबित

कोण्डागांव, 8 अप्रैल। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें बस्तर संभाग जगदलपुर द्वारा जिला अस्पताल कोण्डागांव में पदस्थ लैब टेक्नीशियन नागेश कुमार नाईक को ब्लड बैंक से मरीज को ब्लड नहीं देते हुए संबंधित से अभद्र व्यवहार करने सम्बन्धी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने तथा उक्त कृत्य का प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने के कारण सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। 

निलम्बन अवधि में सम्बन्धित कर्मचारी का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फरसगांव निर्धारित किया गया है और निलम्बन अवधि के दौरान सम्बन्धित कर्मचारी को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। 

ज्ञातव्य है कि जिला अस्पताल कोण्डागांव में पदस्थ लैब टेक्नीशियन नागेश कुमार नाईक द्वारा ब्लड बैंक से मरीज को ब्लड नहीं देते हुए सम्बन्धित मरीज से अभद्र व्यवहार करने सम्बन्धी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। उक्त कृत्य के लिए सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक जिला अस्पताल कोण्डागांव द्वारा सम्बन्धित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घण्टे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे।  सम्बन्धित कर्मचारी द्वारा प्रस्तुत लिखित जवाब समाधान कारक नहीं होने से सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का स्पष्ट उल्लंघन है,जिसके फलस्वरूप सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक जिला अस्पताल कोण्डागांव द्वारा सम्बन्धित कर्मचारी को निलम्बित किये जाने की अनुशंसा की गई थी।


अन्य पोस्ट